अमित शाह बिहार में आज भरेंगे हुंकार, नवादा जिले में जनता को करेंगे संबोधित

Summary :

गृह मंत्री अमित शाह रविवार को नवादा जिले के हिसुआ में दोपहर बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। वह शनिवार दोपहर को पटना पहुंचे थे

गृह मंत्री अमित शाह रविवार को नवादा जिले के हिसुआ में दोपहर बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। वह शनिवार दोपहर को पटना पहुंचे थे और उन्होंने शहर के होटल में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेताओं के साथ बैठक की। एक बयान में कहा गया है कि रविवार सुबह सशस्त्र सीमा बल के पटना फ्रंटियर का उनका निर्धारित दौरा  कुछ कारणों से रद्द कर दिया गया है।
नवादा में स्थिति शांतिपूर्ण
शाह को एसएसबी के नौ प्रतिष्ठानों को जनता को समर्पित करना था तथा पटना फ्रंटियर के नए भवन के लिए भूमि पूजन करना था। अब वह दोपहर में नवादा के लिए रवाना होंगे। इससे पहले वह प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं। नवादा में डेरा डाले भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री जिबेश कुमार मिश्रा ने फोन पर मीडिया से कहा, नवादा में कार्यक्रम जारी है। जिले में शांति बहाल है और अन्य जगहों की तरह यह गड़बड़ी से प्रभावित नहीं है।
सासाराम का दौरा क्यों स्थागित करना पड़ा जानें
इससे पूर्व शाह का रोहतास जिले के सासाराम का दौरा रामनवमी उत्सव के दौरान भड़के सांप्रदायिक तनाव के कारण रद्द कर दिया गया था। इसके अलावा, नवादा से बमुश्किल 40 किलोमीटर दूर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले बिहार शरीफ में भी सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी। दोनों दंगा प्रभावित शहरों में करीब 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Desk Team