बिहार के मोतिहारी में एक कोल्ड स्टोरेज सुविधा में अमोनिया गैस का रिसाव हुआ। इससे कई लोग बीमार हुए। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के छतौनी थाना क्षेत्र में एक कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस के अचानक रिसाव होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार की देर रात छोटा बरियारपुर स्थित कोल्ड स्टोर से अमोनिया गैस लीक होन लगी। लोग अपने-अपने घरों से परिजनों को लेकर निकलने लगे और कचहरी के तरफ पैदल ही भागने लगे। कुछ लोग बेहोश भी हो गए। जानकारी मिलने पर क्षेत्र के अंचल पदाधिकारी के साथ छतौनी थाना पुलिस भी पहुंची। बताया जाता है कि इसी बीच कोल्ड स्टोर के दो कर्मियों ने हिम्मत दिखाई और अमोनिया गैस के रिसाव को किसी तरह बंद करने में सफलता पाई।

काम करने वाले मजदूर भाग खड़े हुए
लोगों के मुताबिक, छोटा बरियारपुर में एनएच किनारे स्थित आरबी कोल्ड स्टोरेज प्रा. लिमिटेड में अचानक तेज आवाज के साथ अमोनिया गैस पाइप का गैस किट फट गया। आवाज सुन कर वहां काम करने वाले मजदूर भाग खड़े हुए। आवाज के साथ ही कोल्ड स्टोर के पाइप से गैस का रिसाव होने लगा। गैस आस-पास के इलाकों में फैलने लगी, जिससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ के साथ आंखों में जलन होने लगी।
अपने-अपने घर वापस आ गए हैं
अंचलाधिकारी पिंटू कुमार ने बताया कि दो घंटे के बाद स्थिति सामान्य हो गई। सभी लोग अपने-अपने घर वापस आ गए हैं। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इधर, ग्रामीणों की शिकायत है कि कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षा के कोई उपाय नहीं है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



