पटना : पटना के श्रीकृष्ण चेतना परिषद में विकासशील इंसान पार्टी के कोर कमिटी की बैठक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान पार्टी के आगामी रणनीति तथा कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बाद में पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री सहनी ने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी द्वारा कोर कमिटी की बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को जमीन पर मूर्त रूप दिया जाएगा। मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद आरक्षण महारैला में हमने अपनी शक्ति तथा एकजुटता दिखा दी है।
प्रदेश की राजनीति में निषाद समाज के प्रभाव का एहसास सबको हो गया है। हमने बिहार की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थित दर्ज करा दी है। अब आगामी आगामी महीनों में कई विशाल कार्यक्रमों से अपना प्रभुत्व स्थापित करेंगे। सन ऑफ मल्लाह ने बताया कि आगामी 4 दिसंबर से 20 दिसंबर के बीच बिहार के छह लोकसभा क्षेत्रों में विशाल ’शक्ति प्रदर्शन रैली’ का आयोजन किया जाएगा।
बेतिया, भागलपुर, खगडिय़ा, सुपौल, कैमूर तथा अररिया में विशाल रैली आयोजित की जाएगी। तत्पश्चात प्रदेश के अन्य लोकसभा क्षेत्रों में भी विशाल रैली का आयोजन कर निषाद समाज के प्रभाव का एहसास करवाया जाएगा।गठबंधन के सवाल पर सन ऑफ मल्लाह ने कहा कि पटना के गांधी मैदान में हमारी महारैला में आए 5 लाख लोगों ने बता दिया है कि वे किसके साथ हैं। हमने अपने मुद्दों को सबके सामने रख दिया है। जो इन मुद्दों पर काम करेगा हमारी पार्टी उनका समर्थन करने पर विचार करेगी। फि़लहाल हमारी तैयारी 2019 के चुनाव में सभी 40 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की है।
बैठक में सन ऑफ मल्लाह के साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. राजभूषण चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौहान, प्रदेश महिला अध्यक्ष श्रीमति निर्मला देवी, प्रदेश युवा अध्यक्ष गौतम बिंद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैद्यनाथ सहनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रह्मदेव सहनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमेश सहनी, मुजफ्फरपुर जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सहनी, शेखपुरा जिलाध्यक्ष पप्पू चौहान,प्रदेश उपाध्यक्ष इंद्रभूषण सिंह निषाद, मोतिहारी जिलाध्यक्ष मोतीलाल सहनी तथा प्रदेश उपाध्यक्ष मदन मोहन निषाद सहित कोर कमिटी के तमाम सदस्य उपस्थित रहे।


Download Android App
Download iOS App



