बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टियों ने प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। मतदातओं को लुभाने के लिए राजनीतिक एड़ी चोटी का ज़ोर लगा रहे हैं। बीजेपी के बिहार प्रभारी और सांसद भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र के बसडीहा में पहली चुनावी सभा को संबोधित किया।
भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने राज्य की बेहतरी के लिए कई उल्लेखनीय काम किए जिसकी बदौलत प्रदेश आज प्रगति की राह पर चल पड़े है। बिहार में बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क के क्षेत्र में बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सरकार ने पिछले 15 वर्षों के दौरान काफी अच्छा काम किया, जिससे प्रदेश के ग्रामीण इलाकों की तस्वीर बदली है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं जिसका लाभ गरीबों तथा जरूरतमंदों को मिल रहा है। बीजेपी नेता ने दावा किया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में बिहार में एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनेगी और राज्य में चल रही विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़या जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘राजग सरकार काम करने में विश्वास रखती है और यहां की जनता हमें पुन: मौका देगी तो बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में आगे रखने में हम अवश्य सफल होंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



