नीतीश कुमार की सुरक्षा में बड़ी चूक, तेज रफ्तार बाइकर्स से खुद को बचाया, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे CM

Summary :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश गुरुवार की सुबह पटना स्थित अपने आवास के समीप मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी लहरिया कट बाइक सवार सुरक्षा घेरे में घुस गए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश गुरुवार की सुबह पटना स्थित अपने आवास के समीप मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी लहरिया कट बाइक सवार सुरक्षा घेरे में घुस गए।  घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी राजीव मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए। दोनों बाइक सवारों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए सचिवालय थाने लाया गया। बताया जा रहा है कि सीएम नीतीश से टक्कर होने से बाइक सवार बाल-बाल बच गए। 
मुख्यमंत्री सतर्क नहीं होते तो हो सकता था हादसा 
इस पूरे मामले में बताया जा रहा है कि हाई लेवल मीटिंग शुरू हो गई है। इस घटना के बाद एक बार फिर मुख्यमंत्री की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है। एसएसजी के हाथ-पैर सूज गए हैं। एसएसजी के कमांडेंट और अफसरों को बुलाया गया है। पटना के एसएसपी भी सीएम आवास पहुंच चुके हैं। अधिकारी बैठक कर रहे हैं।
हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। हो सकता है कि बाद में एसएसपी मीडिया के सवालों का जवाब दें। बताया जा रहा है कि लहरिया कट बाइक चालक ने सीएम नीतीश कुमार की तरफ से बाइक ले जाने का प्रयास किया। ऐसे में वे सीएम के थोड़ा और करीब आ गए। यह देख नीतीश कुमार फुटपाथ पर चढ़ गए। अगर मुख्यमंत्री सतर्क नहीं होते तो हादसा हो सकता था।
पहले भी कई बार सीएम की सुरक्षा में हो चुकी है चूक 
बाइक सवार को तुरंत पकड़ लिया गया। हालांकि युवक के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं आई है। बता दें कि पटना में बाइकर्स गैंग का आतंक है। लहरिया कट बाइकर्स आए दिन सड़क पर नजर आ जाते हैं। पुलिस भी कार्रवाई करती है। कई बाइकर्स गिरोह सुबह-सुबह चेन स्नेचिंग की वारदातों को भी अंजाम देते हैं। न केवल पटना बल्कि कई अन्य जिलों में भी चेन स्नेचिंग के सीसीटीवी वीडियो सामने आ चुके हैं। इससे पहले भी कई बार सीएम की सुरक्षा में चूक हो चुकी है।

Desk Team