बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है, बावजूद इसके महागठबंधन में सीट बटंवारे को लेकर मतभेद की खबरें सामने आ रही है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ सीट बंटवारे को लेकर मतभेद की अटकलों को कांग्रेस ने सिरे से खारिज करते हुए मंगलवार को कहा कि सीटों के तालमेल के संबंध में शीघ्र घोषणा कर दी जाएगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि राजद के साथ सीट बंटवारे को लेकर किसी भी तरह के मतभेद की रिपोर्ट में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार राजद नेताओं के संपर्क में है और आज शाम तक इस मुद्दे को सुलझा लिया जाएगा।
कांग्रेस नेता ने इस बार के चुनाव में राजद की ओर से कांग्रेस को विधानसभा की 53 और लोकसभा की एक वाल्मीकिनगर सीट की पेशकश किए जाने की रिपोर्ट को निराधार बताया और कहा कि राजद और कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल पर वार्ता अंतिम चरण में है तथा अंतिम निर्णय होते ही इस संबंध में घोषणा कर दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) राजद नीत महागठबंधन से पहले ही अलग होकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का दामन थाम चुकी है। वहीं, सीटों के तालमेल में फंसे पेंच के नहीं सुलझने से नाराज होकर पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने भी आज महागठबंधन से नाता तोड़ बहुजन समाज पार्टी और जनवादी सोशलिस्ट पार्टी के साथ नया गठबंधन बना लिया है।
महागठबंधन में अब राजद, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी के अलावा नए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी हैं।


Download Android App
Download iOS App



