बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सरोज रंजन पटेल के नेतृत्व में मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय से ‘कोविड-19 टीकाकरण जागरूकता अभियान रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा कोरोना टीकाकरण जागरूकता अभियान रथ के द्वारा पूरे बिहार के आम आवाम को टीककरण के प्रति जागरूक करेगा, जिससे कोई भी व्यक्ति इस अभियान से वंचित न रह सके।
उन्होंने कहा कि बिहार का हर बूथ टीकाकरण युक्त हो, इसी धारणा के साथ पार्टी के तमाम कार्यकर्ता एवं हमारे नेता इस अभियान को सफल बनाने के लिए दिन रात लगे हुए हैं। बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने रथ को रवाना करते हुए कहा कि मानव जीवन को बचाने के लिए कोरोना टीकाकरण अभियान को सफल बनाना होगा। हम सभी को शहर, गांव एवं कस्बों में रह रहे लोगों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस मौके पर बिहार की उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण ही प्रमुख उपाय है। हम बिहार के तमाम लोगों से खासकर महिलाओं से आग्रह करेंगे कि अधिक से अधिक संख्या में टीका लें तथा दूसरे को भी जागरूक कर टीका लेने के लिए प्रेरित करें।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा के द्वारा निकाले जा रहे टीकाकरण जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों के बीच टीकाकरण के प्रति आर्कषण होगा। बिहार की सरकार ने सभी स्वास्थ केन्द्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था की है। प्रत्येक उम्र के लोग टीका ले रहे हैं।
उन्होंने कहा, कई केन्द्र बनाए गए हैं, जहां पर 24 घंटे टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। टीकाकरण के द्वारा ही कोरोना जैसी महामारी को रोका जा सकता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजीव चौरसिया, मंत्री जनक राम, सांसद विवेक ठाकुर सहित कई नेता उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



