Bihar Budget 2026-27 Highlights: बिहार विधानसभा में वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ( Bijendra Prasad Yadav Budget Speech 2026) ने आज यानी 3 फरवरी को साल 2026-27 का बजट पेश किया। सरकार का कहना है कि यह बजट सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है ताकि लोगों का जीवन आसान हो सके। इस बार राज्य का कुल बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक का है, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी बड़ा है।
सरकार (Nitish Kumar Bihar Budget 2026 Highlights) के अनुसार बिहार तेजी से प्रगति कर रहा है और राज्य की विकास दर लगभग 14.9 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। “सात निश्चय-3” योजना के जरिए बिहार को एक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Bihar Budget 2026-27 Highlights: आइए जानते हैं बजट की 10 बड़ी बातें—
1. बजट का आकार बढ़ा
2026-27 के लिए बिहार का कुल बजट 3,47,589 करोड़ रुपये रखा गया है। यह पिछले साल के मुकाबले करीब 30 हजार करोड़ रुपये ज्यादा है। इसका उद्देश्य राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
2. सात निश्चय-3 पर फोकस
2025 से 2030 तक चलने वाली “सात निश्चय-3” योजना के तहत प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने, 1 करोड़ रोजगार सृजित करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया है।
3. महिलाओं को आर्थिक मदद
राज्य में 1.56 करोड़ से ज्यादा महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हैं। इन्हें पहले 10 हजार रुपये की सहायता दी गई है और आगे व्यवसाय बढ़ाने के लिए 2 लाख रुपये तक की मदद मिलेगी।

4. गरीब परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने की योजना
अनुसूचित जाति के करीब 94 लाख गरीब परिवारों को छोटे उद्यमों से जोड़ने का लक्ष्य है। खेती, डेयरी और पशुपालन में 50 हजार करोड़ रुपये का निजी निवेश लाने की योजना बनाई गई है।
5. शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार
हर प्रखंड में डिग्री और इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने की योजना है। जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में बदला जाएगा ताकि लोगों को बेहतर इलाज अपने जिले में ही मिल सके।
6. इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा निवेश
पांच नए एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे और बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। साथ ही शहरी गरीबों के लिए बहुमंजिला पक्के मकानों का निर्माण होगा।

7. बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाएं
वरिष्ठ नागरिकों को घर बैठे स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं भी आसान की जाएंगी।
8. खर्च में बढ़ोतरी
2004-05 में जहां बिहार का बजट करीब 23 हजार करोड़ रुपये था, अब यह बढ़कर 3.47 लाख करोड़ रुपये हो गया है। कुल खर्च में से लगभग 65 प्रतिशत राशि विकास कार्यों पर खर्च होगी।
9. राजस्व का अनुमान
सरकार को कुल कर से करीब 2.85 लाख करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। इसमें राज्य अपने करों से लगभग 65,800 करोड़ रुपये जुटाएगा, जिसमें GST का बड़ा योगदान होगा।
10. घाटा नियंत्रण में
इस बजट में राजकोषीय घाटा करीब 39 हजार करोड़ रुपये रखा गया है, जो तय सीमा के भीतर है।
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह ने ली विधायक पद की शपथ, OATH से पहले नीतीश के छुए पैर तो तेजस्वी यादव को लेकर कही बड़ी बातें!


Download Android App
Download iOS App




