बिहार फाउंडेशन के सऊदी अरब चैप्टर ने इस साल फिर से बड़े पैमाने पर ‘बिहार दिवस’ मनाने की योजना बनाई है। आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार को आमंत्रित किया गया है। सऊदी अरब के बिहार फाउंडेशन के अध्यक्ष ओबैदुर रहमान ने जारी एक बयान में कहा है कि इस वर्ष का विषय ‘शिक्षा सशक्तिकरण का साधन’ रखा गया है। इस अवसर पर पटना के सुपर 30 के आनंद कुमार को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने कहा कि आनंद ने अथक परिश्रम कर के कमजोर तबके के छात्रों को शिक्षा के माध्यम से एक ऊंचाई तक पहुंचाया है। बिहार फाउंडेशन के पूरी दुनिया में कई चैप्टर हैं, जिसके माध्यम से बिहार सरकार प्रवासी लोगों के साथ संवाद करने की कोशिश कर रही है। रहमान ने कहा, ‘बिहार ने हाल के वर्षो में अच्छे विकास के साथ प्रदेश को आगे बढ़ाया है और शिक्षा एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जिसमें यहां बदलाव देखने को मिल रहा है।’ उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन 22 मार्च की शाम क्राउन प्लाजा होटल में किया जाएगा, जिसमें पूरे खाड़ी से हजारों लोग शामिल होंगे।


Download Android App
Download iOS App



