बिहार में फर्जी IAS अधिकारी गिरफ्तार, घर से Tesla, 31 लीटर विदेशी शराब और बारहसिंगा के सींग बरामद

Summary :

बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने मनीष गुप्ता नाम के एक फर्जी IAS अधिकारी को गिरफ्तार किया है। वह खुद को केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) का बड़ा अधिकारी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के अधीन एक अंडरकवर एजेंट बताता था।

बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने मनीष गुप्ता नाम के एक फर्जी IAS अधिकारी को गिरफ्तार किया है। गोगरी थाना और जिला खुफिया इकाई (DIU) की टीम ने जब उसके घर पर छापा मारा, तो वहां से हैरान करने वाली चीजें बरामद हुईं। यह शातिर खुद को CVC (केंद्रीय सतर्कता आयोग) का बड़ा अधिकारी और अंडरकवर एजेंट बताता था। तलाशी के दौरान उसके घर से एक महंगी टेस्ला कार, 31 लीटर विदेशी शराब, बारहसिंगा के दो सींग समेत अन्य सामान मिले हैं। फिलहाल, पुलिस उसके पास से बरामद सामान और उसकी फर्जी पहचान की गहराई से जांच कर रही है।

कार पर ‘Government of India’ की नेमप्लेट लगाकर घूमता था

खगड़िया SP भानू प्रताप सिंह के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गोगरी के जमालपुर बाजार में छापेमारी कर मनीष गुप्ता नाम के फर्जी IAS को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को सीवीसी का बड़ा अधिकारी और NSA अजीत डोभाल के अधीन अंडरकवर एजेंट बताता था और पूछताछ के दौरान उसने फर्जी आईडी कार्ड भी दिखाया। छापेमारी में उसके घर से ‘Government of India’ लिखी एक महंगी टेस्ला कार और एक टाटा सफारी बरामद हुई है। फिलहाल, पुलिस उसकी इस फर्जी पहचान और बरामद गाड़ियों के इस्तेमाल की जांच कर रही है।

घर से क्या-क्या बरामद हुआ?

करीब साढ़े सात घंटे चली छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से कई लग्जरी और अवैध सामान बरामद किए हैं। इनमें 5 आईफोन, घर की सुरक्षा के लिए लगाए गए 100 सीसीटीवी कैमरों का सेटअप, 31 लीटर महंगी विदेशी शराब, 20 क्रेडिट कार्ड, 4 चेकबुक और बारहसिंगा के दो सींग शामिल हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने यह सारी संपत्ति धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और ठगी के जरिए जुटाई थी। फिलहाल पुलिस उसकी फर्जी पहचान और ठगी के मामलों की जांच करने के साथ-साथ उसकी अवैध संपत्ति और आर्थिक गतिविधियों की भी बारीकी से छानबीन कर रही है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।