Bihar Flood: नेपाल में भारी बारिश का असर बिहार में भी दिख रहा है। गंडक और कोसी नदियों का जलस्तर लाल निशान के ऊपर है, जिससे कई जिलों में बाढ़ आ गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने 20 जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
बाढ़ में डूबे बिहार के 16 जिले
भारी बारिश के बाद बीरपुर में कोसी बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण बिहार के कई हिस्से भयंकर बाढ़ से जूझ रहे हैं। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण सीमावर्ती जिलों में कई स्थानों पर नदियाँ खतरे के निशान को छू रही हैं या उससे ऊपर बह रही हैं। बता दें, उत्तरी बिहार और नेपाल में नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद कोसी और गंडक बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया है।
कोसी नदी में बढ़ा जलस्तर
29 सितंबर को बेलसंड ब्लॉक में मंदार बांध में दरार आने के बाद सीतामढ़ी के कई हिस्से भी बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। मुजफ्फरपुर में कटरा बकुची पावर ग्रिड में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे 45,000 घर अंधेरे में हैं। विभाग के अधिकारियों के निर्देश के बाद एहतियात के तौर पर बिजली काट दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि वे जलस्तर में कमी आने के बाद बिजली बहाल करने की योजना बना रहे हैं।
पानी पावर ग्रिड के कंट्रोल रूम में घुस गया
पावर स्टेशन के इंजीनियर सुनील कुमार ने बताया कि पानी पावर ग्रिड के कंट्रोल रूम में घुस गया है। “सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कटरा प्रखंड की 22 पंचायतों में कभी भी बिजली आपूर्ति बंद की जा सकती है। करीब 42,000- 43,000 उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। विभागीय अधिकारियों के निर्देश के बाद बिजली काटी जाएगी…”
कोसी नदी का पानी राज्य के कई पूर्वोत्तर जिलों में फैल चुका है, सुपौल में बाढ़ जैसे हालात से आम जनजीवन प्रभावित है। प्रभावित इलाकों में कई घरों और सुविधाओं में पानी भर गया है।
(Input From ANI)


Download Android App
Download iOS App






