गुजरात से विधायक जिग्नेश मेवानी ने गुरुवार को बिहार में आयोजित रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। दरअसल, पटना में आयोजित रैली में तमाम विपक्षी दलों के नेता एकजुट हुए और 2019 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। रैली को संबोधित करते हुए जिग्नेश मेवाणी ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर जोरदार हमला बोला।
आलम यह था कि उन्होंने अपने 9 मिनट के भाषण में 6 बार पीएम मोदी को अपशब्द कहे। भाषण की शुरुआत में जिग्नेश मेवानी ने प्रधानमंत्री मोदी को कप्तान कहकर संबोधित किया और कहा कि वह नमक हराम हैं और उनकी सबसे ज्यादा नमक हरामी गुजरात की जनता ने देखी है। पूरे भाषण में जिग्नेश मेवानी ने कई बार पीएम मोदी के लिए नमक हराम अपशब्द का इस्तेमाल किया। साथ ही जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर जोरदार हमला बोला।
कन्हैया ने कहा कि बीजेपी श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के बहाने राजनीतिक लाभ लेना चाहती है लेकिन वह यह भूल गई कि श्रीकृष्ण सिंह का कभी बीजेपी से कोई संबंध नहीं रहा। कन्हैया ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में अघोषित आपातकाल लागू है। उन्होंने कहा कि जब वो अपने साथी से मिलने एम्स पहुंचे तो डॉक्टर की वेश-भूषा में मोदी-मोदी जपने वालों ने वहां से चले जाने को कहा। उन्होंने कहा कि वो अमित शाह के बेटे नहीं हैं कि जो घोटाला कर ले तब भी जेल न जाएं। कन्हैया ने कहा कि वो आम आदमी हैं और देश के कानून का पालन करना जानते हैं।


Download Android App
Download iOS App



