शुभमान के शतकीय प्रहार से भारत सी फाइनल में

Summary :

शुभमान गिल के शतकीय विस्फोट से भारत C ने भारत A को 6 विकेट से हराकर देवधर ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया।

नई दिल्ली : युवा बल्लेबाज शुभमान गिल (नाबाद 106) के शतकीय विस्फोट से भारत सी ने भारत ए को गुरूवार को यहां फिरोजशाह कोटला मैदान में छह विकेट से हराकर देवधर ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया। भारत सी का फाइनल में शनिवार को भारत बी के साथ मुकाबला होगा जिसने अपने दोनों मैच जीते। लीग मैच में भारत बी ने भारत सी को 30 रन से हराया था। भारत ए ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 293 का स्कोर बनाया।

भारत सी ने 47 ओवर में ही 4 विकेट पर 296 रन बनाकर फाइनल का टिकट कटा दिया। भारत की अंडर-19 विश्वकप विजेता टीम के सदस्य रहे गिल ने शानदार बल्लेबाजी की और 111 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 106 रन की मैच विजयी पारी खेली। उन्होंने इशान किशन (69) के साथ चौथे विकेट के लिये 121 रन और फिर सूर्यकुमार यादव (नाबाद 56) के साथ पांचवें विकेट के लिये 90 रन की अविजित साझेदारी की। इशान किशन ने 60 गेंदों में 69 रन में 11 चौके लगाये जबकि सूर्यकुमार ने 36 गेंदों पर नाबाद 56 रन में तीन चौके और चार छक्के लगाये। कप्तान अजिंक्या रहाणे ने 14 रन और अभिनव मुकुंद ने 37 रन बनाये।

स्पिनरों के कमाल से भारत बी जीता

सुरेश रैना दो रन बनाकर रन आउट हुये। भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 10 ओवर में 46 रन पर एक विकेट हासिल किया। इससे पहले भारत ए की पारी में उसके शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों अभिमन्यु ईश्वरन (69), अनमोलप्रीत सिंह (59) और नीतीश राणा (68) ने शानदार अर्धशतक बनाये। ईश्वरन ने 103 गेंदों में 5 चौके, अनमोलप्रीत ने 56 गेंदों में 9 चौके और एक छक्का तथा राणा ने 76 गेंदों में 6 चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान दिनेश कार्तिक ने 23 गेंदों में चार चौकों की मदद से 32 और केदार जाधव ने 25 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों के सहारे नाबाद 41 रन बनाये। भारत सी की तरफ से विजय शंकर ने 40 रन पर तीन विकेट, राहुल चाहर ने 79 रन पर दो विकेट और रजनीश गुरबानी ने 51 रन पर एक विकेट लिया।

Desk Team