नीतीश कुमार के रिकॉर्ड आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने और तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और अन्य पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाने के बीच महागठबंधन के विधायकों ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा को तत्काल हटाए जाने की मांग की।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा,‘‘महागठबंधन के विधायकों ने मंगलवार को (जिस दिन नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में पद छोड़ दिया था) बिहार विधानसभा के सचिव को एक नोटिस भेजा, जिसमें सदन के अध्यक्ष को उनके पद से हटाने की मांग की गई है।’’
उन्होंने कहा कि महागठबंधन के कई विधायकों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के नोटिस पर हस्ताक्षर किए थे।
चौधरी ने कहा कि इसकी एक ‘हार्ड कॉपी’ भी बुधवार को विधानसभा सचिवालय को सौंपी गई। चौधरी ने कहा कि सदन के वर्तमान अध्यक्ष सिन्हा के खिलाफ यह प्रस्ताव नीतीश कुमार द्वारा विश्वास मत लाने के लिए सत्र आहूत किए जाने के दौरान लाया जाएगा।
बिहार विधानसभा का विशेष सत्र 24 या 25 अगस्त को बुलाए जाने की संभावना है।
जदयू के एक अन्य नेता ने कहा, ‘‘हमें पता चला कि वर्तमान अध्यक्ष ने मंगलवार को एक भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) नेता की अध्यक्षता में आचार समिति की बैठक बुलाई और पिछले साल मार्च में विशेष सशस्त्र पुलिस अधिनियम के अधिनियमन के दौरान विधानसभा में अराजकता पर एक ताजा रिपोर्ट प्राप्त की थी।’’
उन्होंने कहा कि अध्यक्ष की मंशा बहुत संदिग्ध थी, क्योंकि उन्होंने परंपरा के अनुसार पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था।


Download Android App
Download iOS App



