Bihar Next CM : बिहार की सियासत में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जमुई में अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान एक ऐसा बयान दे दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा, “अब यही सब काम करेंगे।” इस एक लाइन ने भविष्य की राजनीति को लेकर कई तरह की अटकलों को जन्म दे दिया है। साथ में बिहार के अगले मुख्यमंत्री के कयासों को जन्म दे दिया है।
जमुई में आयोजित कार्यक्रम में नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी दोनों साथ मौजूद थे। इसी दौरान बातचीत के बीच मुख्यमंत्री का यह बयान सामने आया। इसके बाद से ही राजनीतिक विश्लेषक इस बयान के अलग-अलग अर्थ निकाल रहे हैं। कुछ इसे सत्ता के भीतर जिम्मेदारियों के बंटवारे का संकेत मान रहे हैं, तो कुछ इसे भविष्य में नेतृत्व परिवर्तन की संभावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं।
Bihar Next CM: राज्यसभा के बाद बढ़ी अटकलें, अगला सीएम कौन?

बता दें, हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में बिहार की सभी सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत के बाद नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद बन चुके हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का पद खाली होने जा रहा है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसी पर सारे सवाल टिक गए हैं।
कईयों के नाम वैसे भी लिए जा रहे हैं मगर जो नाम सबसे ज्यादा प्रबल दिखाई दे रहा है उसका इशारा खुद नीतीश कुमार ने कर दिया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या मुख्यमंत्री अपनी राजनीतिक विरासत किसी नए चेहरे को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। इस संदर्भ में सम्राट चौधरी का नाम प्रमुखता से उभर रहा है।
Nitish Kumar Samriddhi Yatra: पहले भी मिल चुके हैं संकेत
यह पहला मौका नहीं है जब नीतीश कुमार ने इस तरह के संकेत दिए हों। मधेपुरा, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय और भागलपुर समेत कई जिलों में उन्होंने मंच से सम्राट चौधरी को आगे बढ़ाया और जनता से उनका समर्थन करने की अपील की। कई मौकों पर उन्होंने यह भी कहा कि “अब इन्हीं लोगों को सब संभालना है।”
समृद्धि यात्रा के दौरान बार-बार सम्राट चौधरी को प्रमुखता देने और उनके पक्ष में इशारों को लेकर यह चर्चा तेज हो गई है कि बिहार की राजनीति में उनकी भूमिका और मजबूत हो सकती है। फिलहाल, मुख्यमंत्री के इस बयान ने सियासी माहौल को गर्म जरूर कर दिया है, लेकिन आने वाले समय में यह साफ होगा कि यह महज संकेत था या किसी बड़े बदलाव की शुरुआत।
यह भी पढ़ें – राज्यसभा चुनाव में बिहार बना ‘टर्निंग पॉइंट’, जानिए अपनी गैर मौजूदगी पर महागठबंधन के 4 विधायकों ने क्या कहा






















