बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा गुरुवार को राज्य के हित के मामलों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ देने की बात के मामले में राजनिति गरमा गई है। इस मामले में राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने गुरुवार को कहा कि, जातिगत जनगणना पर यदि भाजपा और इसके मंत्री सरकार का साथ नहीं दे रहे हैं तो नीतीश को इन्हें हटा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के हित के फैसले पर राजद ‘जदयू’ का साथ देगी। राजद नेता के इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजद पर निशाना साधा। पार्टी के प्रवक्ता और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री निखिल आनंद ने कहा कि, राजद को दिन में सुहावने सपने देखने से भाजपा रोक नहीं सकती है। उन्होंने कहा कि राजद के लोग सत्ता के लिए बेचैन हैं।
ऐसा लगता है राजद में धन की कमी हो गई है : भाजपा प्रवक्ता
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि, क्या नीतीश कुमार ने जिन मुद्दों को लेकर राजद को गठबंधन से बाहर किया गया था, वे भूल गए हैं। उन्होंने कहा ऐसा लगता है कि, राजद में धन की कमी हो गई, जिस कारण वे सरकार में आने को बेचैन हैं। उन्होंने कहा कि राजद के पास अब कोई राजनीतिक मद्दा नहीं बचा है, इस कारण वे तरह-तरह के ऑफर दे रहे हैं। इससे पहले राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पटना में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में साफ कहा जातीय जनगणना पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने भाजपा की ओर इशारा करते हुए कहा जो विरोध कर रहे हैं उनको बर्खास्त करें। सिंह ने कहा, हम इस मुद्दे पर पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से साफ लहजे में कहा कि बिहार का विशेष राज्य का दर्जा हो या जातिगत जनगणना का मुद्दा इन दो मामलों में राजद आपके साथ है।
जातिगत जनगणना के मुद्दे पर हम वचनबद्ध हैं : राजद नेता
राजद नेता जगदानंद सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, लालू प्रसाद जातिगत जनगणना की मांग करते रहे। नीतीश कुमार भी दो बार विधानसभा में कह चुके हैं। केंद्र सरकार ने आनाकानी की तो नीतीश कुमार राजद नेता तेजस्वी कुमार के साथ दिल्ली भी गए। उन्होंने कहा कि, जातिगत जनगणना के मुद्दे पर हम वचनबद्ध हैं। इधर, राजद में शामिल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने राजद नेता जगदानंद सिंह के बयान को डर का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि, राजद के विधायकों को टूटने का डर राजद नेता को सता रहा है, इसलिए वे सरकार के साथ होने का बयान दे रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



