प्याज की कीमतों में बेतहाशा वृद्घि को लेकर अब राजनीति चरम पर है। जन अधिकार पार्टी के संरक्षक और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को पटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के कार्यालय के सामने दुकान खोल दी और ‘डिस्काउंट रेट’ (सस्ते दर) पर प्याज बेची।
पप्पू यादव ने प्याज की कीमत में वृद्घि के विरोध में मंगलवार को भाजपा और लोजपा कार्यालय के सामने बड़ी मात्रा में 35 रुपये किलोग्राम की दर से प्याज बेची। इस क्रम में वह प्याज की बोरी भी सिर पर ढोते नजर आए। इस दौरान पप्पू यादव ने बिहार और केंद्र सरकार से सवालिया लहजे में कहा कि जब वह सस्ते दर पर प्याज लोगों को उपलब्ध करा सकते हैं, तो वे क्यों नहीं ऐसा कर सकते हैं।
उन्होंने प्याज की कीमतों में बेतहाशा वृद्घि के लिए सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि जमाखोरी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उल्लेखनीय है कि बिहार में प्याज की कीमत खुदरा बाजार में 80 से 90 रुपये है। प्याज की बढ़ती कीमत के बीच बिस्कोमान ने पटना सहित कई जिलों में लोगों को 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराई थी, लेकिन इस दौरान उसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ा था, उसके बाद उसने प्याज की बिक्री पर रोक लगा दी।
इससे पहले राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भी कुछ दिन पहले ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोजपा नेता रामविलास पासवान पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, मोदी-पासवान-नीतीश राज में फिर पिअजवा अनार हो गईल बा। इससे पहले राजद और कांग्रेस के कई विधायक भी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में प्याज का माला पहने सदन पहुंचे थे।


Download Android App
Download iOS App



