बिहार के भागलपुर जिले में सोमवार को एक टिफिन बम में विस्फोट की घटना सामने आई है जिसमें एक सात साल के बच्चे की मौत ही गई। नाथनगर इलाके में पिछले एक सप्ताह में बम विस्फोट की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। यह घटना नाथनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। पुलिस को घटना स्थल से तीन बम बरामद हुए जिन्हें अपने कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
बच्चे ने खेलते समय उठा लिया था बम

इस घटना के बारे में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, मकदुम शाह दरगाह घाट के पास सोमवार को कई बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक बच्चे के एक बम उठा लिए जाने के बाद उसमें विस्फोट हो गया। विसफोट में बच्चा गंभीर रुप से जख्मी हो गया, जिसके बाद लोग बच्चे को उठाकर अस्पताल ले जाने लगे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्चे ने दम तोड़ दिया। नाथनगर के थाना प्रभारी सज्जाद हुसैन ने बताया कि, मृतक बच्चे की पहचान अमृत कुमार के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के पास से तीन अन्य जीवित बम भी बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
शनिवार को भी हुआ था विस्फोट

नाथनगर इलाके में बम विस्फोट की हो रही घटनाओं से लोग डरे हुए हैं। पिछले एक सप्ताह के अंदर बम विस्फोट की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। शनिवार को ही नाथनगर थाना क्षेत्र के ही मोमिन टोला में बम विस्फोट हुआ था जिसमें दो बच्चे जख्मी हो गये थे। कचरे के ढेर में प्लास्टिक के अंदर डिब्बे में बम रखा गया था। इससे पहले गुरुवार को नाथनगर रेलवे ट्रैक किनारे बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



