बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल के बयान को लेकर अभी विवाद शांत नहीं हुआ कि एक विधायक ने मुस्लिम विरोधी टिप्पणी कर आग में घी डालने वाला काम किया। बीजेपी विधायक संजय कुमार ने बचौल के बयान का समर्थन करते हुए कहा, जो लोग राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लगे हुए हैं उनका वोटिंग राईट छोड़िए, हम कह रहे हैं उनको इस देश से बाहर कर देना चाहिए।
दरअसल, बचौल पिछले सप्ताह मीडिया में दिए गए उस बयान के लिए विपक्ष के निशाने पर हैं जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि भारत में रहने वाले मुसलमानों का मताधिकार छीन लेना चाहिए और उनके साथ दोयम दर्जे के नागरिक जैसा व्यवहार किया जाना चाहिए।
बचौल के बयान पर विधानसभा में हंगामा
बचौल के मुस्लिम विरोधी बयान को लेकर सोमवार को बिहार विधानसभा में ज़ोरदार हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी पार्टियों खासतौर पर आरजेडी के सदस्य आसन के सामने आ गए और विधायक बचौल के निलंबन की मांग करने लगे।
करीब पंद्रह मिनट के हंगामे के बाद विधायक वेल से सीट पर लौटे और फिर विपक्ष के हर दल के एक-एक नेता ने बीजेपी विधायक के बयान पर अपनी प्रतिक्रया देते हुए इसे भारतीय संविधान पर हमला बताया। इनमें विपक्ष के मुख्य सचेतक ललित यादव, सीपीआई के अजय कुमार, कांग्रेस के अजीत शर्मा, माले के महबूब आलम, एआईएमआई के अख्तरुल ईमान आदि शामिल थे।
आसन के निर्देश पर सरकार का पक्ष रखते हुए मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जबतक हमलोगों की सरकार है किसी की नागरिकता या किसी के मतदान के अधिकार को कोई छीन नहीं सकता है। सभाध्यक्ष ने मामले को शांत कराते हुए कहा कि वे भारतीय संविधान में सभी की जिम्मेदारी पर सदन में चर्चा करायेंगे। साथ ही अख्तरुल ईमान और हभिषूण ठाकुर बचौल को निर्देश दिया कि वे अकेले में आकर मिले।


Download Android App
Download iOS App



