बलिया जिले की बैरिया सीट से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने देश में जाति आधारित जनगणना की मांग करने को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। भाजपा विधायक सिंह ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा “सामाजिक न्याय की बात करने वाले नेता नीतीश कुमार तथा अन्य से मेरा निवेदन है कि यदि वास्तव में वह अपने गरीब पिछड़े वर्ग के भाइयों को न्याय दिलाना चाहते हैं तो सबसे पहले उन्हें स्वयं और अन्य संपन्न लोगों को आरक्षण कोटे से बाहर रहने की घोषणा करनी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि ऐसा करने से आरक्षण का लाभ पिछड़े वर्ग के गरीब लोगों को मिल सकेगा। भाजपा विधायक ने यह भी कहा कि राजनीतिक लाभ की खातिर समाज को तोड़ना देश के लिए उचित नहीं है। गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में राज्य की 10 पार्टियों के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।
इन सभी दलों ने जाति आधारित जनगणना की आवश्यकता पर एक स्वर में बात की और जोर देकर कहा था कि विभिन्न जातियों संबंधी आंकड़े प्रभावी विकास योजनाएं बनाने में मदद करेंगे क्योंकि उनमें से कई को उनकी वास्तविक जनसंख्या के अनुरूप अब तक लाभ नहीं मिला है। कुमार के साथ भाजपा और कांग्रेस सहित सभी प्रमुख दलों के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए और उन्होंने मोदी को अपनी मांग सौंपी।


Download Android App
Download iOS App



