Tejashwi’s के बयान पर भाजपा का पलटवार, ‘विपक्ष के पास अफवाह फैलाने के अलावा कोई काम नहीं’

Summary :

तेजस्वी के बयान पर भाजपा का जवाब- विपक्ष अफवाह फैला रहा है

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के 15 साल पुरानी गाड़ी और सरकार में तुलना किए जाने पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा के नेताओं ने तो यहां तक कहा कि तेजस्वी यादव की मानसिक स्थिति ही ठीक नहीं है। बिहार के मंत्री और भाजपा के नेता नीरज कुमार बबलू ने कहा कि विपक्ष के पास अफवाह फैलाने के अलावा कोई काम नहीं बचा है। जनता जान चुकी है कि ये केवल झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं, इसलिए आने वाले समय में जनता इनको जवाब देगी।

उन्होंने मंत्रिमंडल में दागियों के शामिल होने के विपक्ष के आरोपों पर कहा कि राजद के नेताओं से बड़ा कोई दागी नहीं है, जिसने बिहार को लूटने का काम किया। तेजस्वी यादव भी जल्द रिटायर होने वाले हैं। दूसरी तरफ भाजपा के प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि तेजस्वी यादव की मानसिक स्थिति इन दिनों गड़बड़ा गई है। बिहार में स्थापित सुशासन और कानून का राज उन्हें अपच हो रहा है। जंगलराज अब चल नहीं रहा है, इसलिए उनकी आत्मा भटक रही है। हालात तो यह हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों से जनता प्रसन्न है। तेजस्वी को यह परेशानी है कि विधानसभा चुनाव में वे जनता के बीच किस मुद्दे को लेकर जाएंगे।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी अपने कारनामों से जनता की नजर से गिर चुकी है। नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन पर तोहफा देने के बजाय बद्दुआ दे रहे हैं। अब क्या कहा जाए विधानसभा में विपक्ष के नेता को गाड़ी और सरकार में अंतर नहीं समझ आ रहा।

इससे पहले तेजस्वी यादव ने शनिवार को नीतीश कुमार की सरकार पर जोरदार कटाक्ष करते हुए कहा था कि जब 15 साल पुरानी गाड़ी के चलने की अनुमति नहीं है तो 20 साल पुरानी सरकार क्यों चलेगी?

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.