बिहार कांग्रेस ने भागलपुर जिले के अकबरनगर से अमरपुर तक 220.719 करोड़ रुपए की लागत से बनी टू लेन सड़क निर्माण के महज कुछ दिनों में ही जगह-जगह टूट जाने पर निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए इसकी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है।
युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ललन कुमार ने शनिवार को यहां कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अकबरनगर-अमरपुर टू लेन मार्ग का तीन दिन पूर्व ही ऑनलाइन उद्घाटन किया। पिछले दिनों आई बाढ़ के कारण अकबरनगर के चांद के समीप लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर तक सड़क के दोनों तरफ पानी के तेज बहाव के कारण दोनों हिस्सों की मिट्टी बह गई। इसी तरह कई जगह सड़क में दरार आ गई। उन्होंने कहा कि इससे ऐसा प्रतीत होता है कि निर्माण कार्य में अनियमितता हुई है। निर्माण कार्य की ब्यूरो से जांच कराने से ही सच्चाई का पता चल सकेगा।
नीतीश कुमार ने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ ही उनकी शिकायत पर विधानसभा में शून्यकाल समिति के सभापति एवं राष्ट्रीय जनता दल के विधायक चंद्रहास चौहान ने दो दिन पूर्व इस मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित कार्यपालक अभियंता को बुलाकर जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि विधायक चौहान ने इस मामले में अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही निर्माण कंपनी को काली सूची में डालने की मांग की अनुशंसा की है।


Download Android App
Download iOS App



