लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के पूर्व अध्यक्ष और जुमई से सांसद चिराग पासवान ने राज्य की दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव में बीजेपी को समर्थन देने का ऐलान किया है। चिराग ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि बिहार में दो विधानसभा क्षेत्रों में 3 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में वे बिना शर्त भारतीय जनता पार्टी (BJP) को समर्थन देंगे।
बीजेपी को समर्थन का ऐलान करने के बाद चिराग ने सोमवार को मोकामा में बीजेपी प्रत्याशी सोनम देवी के पक्ष में रोड शो किया। हालांकि, चिराग पासवान ने साफ किया कि वे अभी एनडीए में नहीं है। इस महीने बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ बात होगी। पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात करने के बाद ही एनडीए और सरकार में शामिल होने पर फैसला होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दो महीने पहले एनडीए से बाहर निकलने के बाद कमजोर हुई बीजेपी और प्रदेश में सत्ताधारी महागठबंधन (जिसमें सात दल शामिल हैं) में से सबसे बडी पार्टी आरजेडी के लिए तीन नवंबर को होने वाले इस उपचुनाव को शक्तिपरीक्षण के पहले अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।
चिराग को BJP से उम्मीद?
एनडीए में न होने के बावजूद चिराग खुलेआम बीजेपी का प्रचार कर रहे हैं। हालांकि इस बात की पूरी संभावनाएं हैं कि वे लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए में आ सकते हैं। क्योंकि बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद से चिराग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वे नीतीश कुमार वाले गठबंधन में कभी नहीं जाएंगे। ऐसे में चिराग पासवान के पास एनडीए में वापसी करने का ही विकल्प बचा है, क्योंकि उन्हें भी पता है कि वे अकेले अपने दम पर चुनाव नहीं जीत सकते हैं। हालांकि, NDA में वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग ने कहा कि मैं सिर्फ उपचुनाव की बात कर रहा हूं। आगे की बातें बाद में तय होंगी।


Download Android App
Download iOS App



