मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्देश दिया है कि अफवाह फैलाने और संप्रदायिक तनाव एवं विवाद पैदा करने वालों पर पुलिस गंभीरता से निगरानी रखें और कोई भी गड़बड़ी होने की स्थिति में तुरंत कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। राज्य में अफवाह, द्वेष और नफरत फैलाने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शनिवार को अपराध को लेकर समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने साइबर सेल को अलर्ट किया और पदाधिकारियों को को निर्देश दिया।
नीतीश कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गलत टिप्पणी पोस्ट करके विवाद पैदा करने वाले दुर्गा पूजा जैसे त्यौहार में सक्रिय हो जाते हैं। राज्य में लॉ एंड ऑर्डर को ठीक रखने के लिए उन पर काबू करना जरूरी है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी सतर्क रहें । साइबर सेल ऐसे तत्वों पर सतत निगरानी रखे।
शनिवार को दुर्गा पूजा, बिहटा में बालू माफिया के बीच फायरिंग और विधि व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए नीतीश कुमार ने लॉ एंड आर्डर पर समीक्षा बैठक बुलाई थी। बैठक में डीजीपी एसके सिंघल, चीफ सेक्रेटरी आमिर सुबहानी समेत पुलिस और गृह विभाग के कई पदाधिकारी मौजूद थे।
लगभग 2 घंटे तक चली बैठक में डीजीपी ने राज्य में विधि व्यवस्था के हालात की ताजा जानकारी सीएम को दी। डीजीपी ने दुर्गा पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में भी मुख्यमंत्री को बताया।


Download Android App
Download iOS App



