देश की सियासत के मौजूदा चर्चित मुद्दे पेगासस को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कहना है कि मामले में निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। सीएम नीतीश ने पटना में परिवाहन विभाग के कार्यक्रम के बाद पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में ये बात कही।
पेगासस के संबंध में सवाल पूछा तब उन्होंने कहा कि जो नई तकनीक आई है उससे एक तरफ लाभ है तो दूसरी तरफ उसका दुरुपयोग भी होता है। इस पर निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी कहा है कि जो गलत चीज है उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।
जातीय जनगणना के समर्थन में उतरे नीतीश, तेजस्वी का सवाल- केंद्र अगर पुनर्विचार नहीं करेगी तो आप क्या करेंगे
मुख्यमंत्री ने ऑक्सीजन की कमी की वजह से कोरोना पीड़ितों की मौत से जुड़े सवाल पर कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में अचानक ऑक्सीजन की काफी मात्रा में जरूरत पड़ी और उसका हर तरह से समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि अब ऐसी तैयारी की जा रही है कि कोरोना समेत अन्य सभी बीमारियों के लिए कभी भी ऑक्सीजन की कमी न हो। सभी अस्पतालों में इसकी पूरी व्यवस्था की जा रही है।
नीतीश कुमार ने अवैध बालू खनन से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इसको लेकर पूरी कार्रवाई हो रही है। जांच कर वैसे सरकारी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिनकी इसमें भूमिका रही है। खनन विभाग और पुलिस की तरफ से भी इस मामले में पूरी छानबीन हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे तो समाज में कुछ न कुछ गड़बड़ी करने वाले लोग हमेशा रहते हैं। आप चाहे कितना भी अच्छा करें, गड़बड़ मानसिकता के लोग हमेशा गड़बड़ी करते हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनपर कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘हमलोगों का प्रयास है कि किसी प्रकार की कोई गड़बड़ नहीं हो। सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ऐसी चीजों पर नजर रख रहे हैं।’


Download Android App
Download iOS App



