सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को बिहार में 871.61 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली सात सड़क एवं नदी परियोजनाओं का उद्धाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहेंगे।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बयान में कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को बिहार में कई सड़क परियोजनाओं और नदी विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। गडकरी रक्सौल में 505 करोड़ रुपये की दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास/उद्घाटन करेंगे।
इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग 28-ए पर पिपराकोठी से मोतिहारी और रक्सौल तक 69 किलोमीटर सड़क मार्ग का चौड़ीकरण का काम शामिल है। इसकी अनुमानित लागत 333.60 करोड़ रुपये है। इसके अलावा एनएच-28बी पर छपरा से मिसरौली तक 2 लेन 40 किलोमीटर मार्ग का उद्घाटन है। इसमें 171.40 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
केंद्रीय मंत्री इसके अलावा पश्चिम चंपारण के बगहा में 353.71 करोड़ रुपये की चार राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। गडकरी 12.9 करोड़ रुपये की लागत से गंडक नदी में गाद निकालने के काम के तहत हाजीपुर से त्रिवेणी घाट तक 300 किलोमीटर लंबे नदी मार्ग का विकास कार्य शुरू करेंगे। इसका उद्देश्य जल परिवहन सुविधा चालू करना है।


Download Android App
Download iOS App



