पटना ,(पंजाब केसरी):लोजपा (रामविलास) ने नौकरी के बदले राजधानी में युवाओं पर लाठीचार्ज की निंदा की है।लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमूई से सांसद चिराग पासवान ने बुधवार को एडीएम के डंडे की प्रहार से घायल छात्र अनीसुर रहमान के घर जाकर उनके परिजनों को ढाढ़स बढ़ाया। चिराग पासवान के सामने अनीसुर के परिजन भावुक हो गये और अपने बेटे के जान बचाने की गुहार करने लगे। यह सब सुनकर चिराग पासवान भावुक हो गये और बिहार में उनकी लड़ाई लड़ने का आश्वासन दिया। इस दौरान चिराग पासवान ने कहा कि जहां युवाओं को नौकरी मांगने पर लाठी से पीटा जाता है वैसी सरकार से उम्मीद कैसा। चिराग पासवान ने कहा कि युवाओं का अधिकार है अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने का और वे अपनी बहाली की मांग कर रहे थे। इन युवाओं की क्या गलती है वे परीक्षा पास कर चुके है सरकार इनकी बहाली में टाल मटोल कर रही है। जब ये लोग तिरंगा लिये हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे तब अनीसुर रहमान सहित कई युवकों पर बेरहमी से लाठी चार्ज किया गया।
उक्त एडीएम ने जिस तरह से तिरंगा व युवकों पर लाठी चला रहे थे एडीएम ने सिर्फ तिरंगा का अपमान नहीं किया बल्कि उसने देशद्रोह भी किया है। उनको बर्खास्त कर जांच करानी चाहिए और उनपर एटेम्प्ट टू मर्डर का केस दर्ज होना चाहिए। चिराग पासवान ने कहा कि यह वही तिरंगा है जिसे लेकर युक्रेन में देश के युवा बार्डर पार कर रहे थे और उसी तिरंगा पर एक सरकारी अधिकारी डंडा चला रहे थे। पासवान ने हमले में घायल अनीसुर के इलाज में भी सरकार की ओर से लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब पूरी घटना कैमरे में कैद है तो एडीएम पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने पटना प्रशासन पर पत्रकारों से भी बदसलूकी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोजपा (रामविलास) मांग करती है कि घटना के दोषियों पर सरकार कार्रवाई करे नहीं तो उनकी पार्टी आंदोलन करेगी।
इस आशय की जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी निशांत मिश्रा ने दी।


Download Android App
Download iOS App



