पटना, (पंजाब केसरी) : कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्ज कैट के बिहार चैप्टर के चेयरमैन कमल नोपानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को सकारात्मक कदम बताया है। इस संबंध में कमल नोपानी ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण हुए लंबे लॉकडाउन ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बहुत प्रभावित किया है। लेकिन प्रधानमंत्री द्वारा 20 लाख करोड़ रुपए पैकेज जारी करने और आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में बढ़ाए कदम व्यापारियों का आत्म विश्वास बढ़ाएंगे।
कमल नोपानी ने कहा कि कैट हमेशा से ही चीन से आई वस्तुओं के बहिष्कार का पक्षधर रहा है। स्थानीय वस्तुओं का इस्तेमाल न सिर्फ भारतीय व्यापारियों के लिए हितकर है बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाएगा। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एमएसएमई के लिए 3 लाख करोड़ रुपए का लोन देने की घोषणा की है। यह गारंटी फ्री लोन 4 साल के लिए होगा और पहले साल मूलधन नहीं चुकाना होगा। इसके साथ साथ ही पीएफ के अंशदान में छूट भी प्रभावी कदम साबित होगा। हालांक वर्तमान स्थिति यह है कि लॉकडाउन में लोगों की कमाई तो थम गई लेकिन खर्च ज्यों का त्यों रहा। पूरे देश की अर्थव्यवस्था का अधिकतम हिस्सा छोटे व्यापारियों पर ही निर्भर है। लेकिन इस कोरोना काल में सबसे अधिक प्रभावित ये छोटे व्यापारी ही हुए हैं। क्योंकि इन छोटे व्यापारियों को बिना किसी कमाई के अपने साथ जुड़े लोगों से लेकर लोन की किश्त तक समय पर जा रही है। कमाई शून्य और खर्च पहले की तरह बरकरार। राहत पैकेज से उम्मीदें बहुत हैं और हमें पूरा विश्वास है कि सरकार का आत्मनिर्भर भारत बनाने का सपना नए पैकेज के सहारे पूरा हो सकेगा।


Download Android App
Download iOS App



