बिहार विधानसभा चुनावों में जन अधिकार पार्टी लोकतांत्रिक (जाप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव मधेपुरा सीट से चुनावी दौड़ में उतर सकते हैं। पार्टी सूत्रों से पूर्व सांसद पप्पू यादव के मधेपुरा से चुनाव मैदान में उतरने के संकेत मिल रहे हैं। मधेपुरा विधानसभा सीट के लिए जदयू ने निखिल मंडल को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं राजद में वर्तमान विधायक चंद्रशेखर इस बार भी दावेदार हैं। हालांकि राजद की ओर से प्रत्याशी की फिलहाल औपचारिक घोषणा नहीं की है।
बता दें कि राजद में कई दावेदार अभी भी पटना में कैंप कर रहे हैं। अपनी टिकट पक्की करने के लिए लॉबिंग करने में जुटे हैं। इन 2 प्रमुख पार्टियों के अलावा अब मधेपुरा के चुनावी जंग में मधेपुरा के पूर्व सांसद राजेश रंजन ऊर्फ पप्पू यादव के चुनाव मैदान में उतरने के संकेत मिलने लगे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार कुछ कार्यकर्ताओं की ओर से भी चुनाव मैदान में उतरने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है।
जानकारी के लिए बता दें कि पप्पू यादव पहली बार 1990 में जिले की सिंहेश्वर विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूम में चुनाव मैदान में उतरे थे। इसमें जनता दल के सियाराम यादव को पराजित कर पप्पू यादव विजयी हुए थे। हालांकि वे उसके बाद मधेपुरा और पूर्णिया से सांसद भी रहे। इस विधानसभा चुनाव में अब उनके मधेपुरा से विधानसभा के चुनाव मैदान में उतरने की आहट से राजनीतिक सरगर्मी आने वाले दिनों में तेज हो सकती है।


Download Android App
Download iOS App



