बिहार : बेटी की CM उम्मीदवार की दावेदारी पर बोले JDU नेता-पार्टी नहीं करेगी समर्थन

Summary :

इस पूरी घटना पर जेडीयू नेता विनोद चौधरी का बयान सामने आया है, उन्होंने कहा, वह वयस्क और शिक्षित है, यह उसका खुद का निर्णय है।

बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नेता विनोद चौधरी की बेटी पुष्पम प्रिया चौधरी इन दिनों राजनीति गलियारे में चर्चा का विषय बनीं हुई हैं। दरअसल, उन्होंने ट्वीटर पर खुद को बिहार के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वहीं पटना में सोमवार को पोस्टर लगाया गया है। जिसमें पुष्पम प्रिया चौधरी को सीएम कैंडिडेट बिहार 2020′ घोषित किया।
इस पूरी घटना पर जेडीयू नेता विनोद चौधरी का बयान सामने आया है, उन्होंने कहा, वह वयस्क और शिक्षित है, यह उसका खुद का निर्णय है। पार्टी निश्चित रूप से इसका समर्थन नहीं करेगी यदि वह पार्टी के शीर्ष नेता को चुनौती दे रही है। दरअसल, विनोद चौधरी की बेटी पुष्पम प्रिया चौधरी लंदन में रहती है। साथ ही उन्होंने वहीं से उच्‍च शिक्षा प्राप्‍त की है।


उन्होंने रविवार को ट्वीट कर लिखा, बिहार को गति चाहिए, बिहार को पंख चाहिए, बिहार को बदलाव चाहिए। क्योंकि बिहार बेहतर और बेहतर का हकदार है। बकवास राजनीति को नकारें, बिहार को चलाने और 2020 में उड़ान भरने के लिए प्लुरल्स में शामिल हों।

ट्वीट के साथ उन्होंने एक विज्ञापन भी जारी किया जिसमें उन्होंने खुद को बिहार मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित किया है। गौरतलब है की वर्तमान में बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी गठबंधन का शासन है। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पुष्पम प्रिया चौधरी द्वारा किए गए इस ऐलान ने बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।

Desk Team