कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद-370 की बहाली करने की मांग पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के पास सुशासन के एजेंडे पर बात करने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए बिहार चुनाव से पहले वह भारत को बांटो के गंदे हथकंडे पर वापस आ गई है। नड्डा ने कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के बयान पर प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, पी चिदंबरम ने एक ब्यान में कहा था कि पार्टी जम्मू-कश्मीर के दर्जे और अधिकारों की बहाली के साथ खड़ी है तथा मोदी सरकार द्वारा 5 अगस्त 2019 को लिया गया फैसला मनमाना और अंसवैधानिक था और उसे रद्द किया जाना चाहिए। इस पर नड्डा ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘चूंकि कांग्रेस के पास सुशासन के एजेंडे पर बात करने को कुछ नहीं है, वे बिहार चुनाव से पहले ‘भारत को बांटो के गंदे हथकंडे पर वापस आ गए हैं। श्री राहुल गांधी पाकिस्तान की प्रशंसा करते हैं और श्री चिदंबरम कहते हैं कि कांग्रेस अनुच्छेद-370 की वापसी चाहती है। शर्मनाक!’

जेपी नड्डा ने बिहार के बांका में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के पहले चुनाव के भाषणों में एक दूसरों पर आरोप-प्रत्यारोप, जातिवाद, लड़ाई-झगड़े को बढ़ावा देना, समाज को तोड़ने का प्रयास होता था। नरेंद्र मोदी के आने के बाद देश की राजनीतिक संस्कृति बदली है। अब जनता को अपने काम का रिपोर्ट कार्ड दिखाना होता है।


Download Android App
Download iOS App



