भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि भाजपा ‘इनकमिंग’ है ‘आउटगोइंग’ नहीं है। उन्होंने कहा कि आज सभी दलों के लोग भाजपा में आ रहे हैं। पटना के बापू सभागार में कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने केंद्र सरकार के कामों की तारीफ की और उपलब्धियों को गिनाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा न केवल बड़ी और सक्षम पार्टी है, बल्कि निर्णय लेने वाली पार्टी भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपने भाषणों से नहीं काम और फैसले से जाने जाते हैं। नड्डा ने इस मौके पर राज्य में भाजपा-जद (यू) गठबंधन की सरकार की फिर से वापसी की बात करते हुए कहा कि भाजपा ‘इनकमिंग’ है, ‘आउट गोइंग’ नहीं है। और विपक्ष को किसी तरह का भ्रम नहीं पालना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज भारत का मान दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने कहा, “कैलाशपति मिश्रा जी नीव के पत्थर रहे हैं। उन्होंने समाज के हर वर्ग को जोड़ा था। पिछड़े वर्ग की लड़ाई को कैलाश जी ने लड़ा वह आरक्षण के लिए चट्टान बनकर डटे रहे थे।”

नड्डा ने कहा कि आज लोग सामाजिक समरसता के विषय को छेड़ते हैं परंतु उस पर राजनीतिक रोटियां सेंकते हैं, मरहम नहीं लगाते। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सामाजिक समरसता के साथ कई फैसले लिए हैं। भारत के सैन्य श्क्ति के मजबूत होने का दावा करते हुए नड्डा ने कहा कि आज भारत दूसरे देशों को बुलेटप्रुफ जैकेट देने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि अब भारत के किसी अभिनंदन को पाकिस्तान में नहीं जाना होगा भरत में बैठे ही पाकिस्तान के छक्के छुडा देगा। इससे पहले पटना पहुंचने पर नड्डा का पटना हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं द्वारा स्वागत किया गया। नड्डा भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भाग लेने के अलावा पार्टी की कई अन्य बैठकों में शामिल होंगे।


Download Android App
Download iOS App



