बिहार में शराब की अब तक की सबसे बड़ी खेप जब्त हुई है। शराबबंदी के बावजूद प्रशासन की नाक के नीचे अवैध रूप से शराब की कालाबाजारी चल रही है। उत्पाद विभाग ने पटना में 9 ट्रक शराब बरामद की है। ट्रकों में लगभग पांच हजार शराब की पेटियां हैं। इस मामले में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
उत्पाद विभाग का दावा है कि अबतक इतनी अधिक मात्रा में शराब कभी नहीं बरामद हुई थी। शराब की पेटियां गिनते-गिनते अधिकारियों के पसीने छूट गए। इस शराब की कीमत 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। डीजीपी एसके सिंघल ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर मुकेश कुमार पासवान के साथ स्थानीय थाना के चौकीदार लल्लू पासवान को भी निलंबित किया है।
वहीं पुलिस इस मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पटना सिटी के बाइपास थाना क्षेत्र के एक गोदाम में उत्पाद विभाग द्वारा रविवार को छापेमारी की गई थी। इस छापेमारी में अंग्रेजी शराब की अबतक की सबसे बड़ी खेप बरामद हुई। जिस गोदाम में शराब की खेप रखी थी वहां से थाना महज 500 मीटर की दूरी पर है।
उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर करोड़ों रुपए की खेप बरामद कर ली पर स्थानीय थाना को वहां शराब रखने की भनक तक नहीं लगी। पुलिस मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लिया है। शराबबंदी को लागू करने और खुफिया जानकारी पता करने में नाकाम रहने के लिए थानेदार मुकेश पासवान और स्थानीय थाना के चौकीदार लल्लू पासवान को निलंबित कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



