पटना : राष्ट्रीय आपदा मोचन बल-एन.डी.आर.एफ. की 19 टीमें उत्तर बिहार के बाढ़ प्रभावित जिलों में बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए अभी तैनात है। इनमें से 3-3 टीमें सीतामढ़ी, दरभंगा तथा कटिहार में, 2-2 टीमें अररिया, मधुबनी तथा मुजफ्फरपुर में तथा 1-1 टीम सुपौल, बेतिया, मोतिहारी तथा गोपालगंज जिलों में मुस्तैदी से तैनात है।
विजय सिन्हा, कमान्डेंट, 9वी वाहिनी एन.डी.आर.एफ. ने बताया कि एन.डी.आर.एफ. के बचावकर्मी सिविल प्रशासन के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में मोटर बोट से राहत सामग्री पहुंचाने तथा आम जनता के बीच बांटने में लगातार मदद कर रहे हैं। एन.डी.आर.एफ. की मेडिकल टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रिवर एम्बुलेन्स की मदद से जरुरतमंद लोगों को चिकित्सीय सुविधा भी मुहैया कर रही है।
अब तक एन.डी.आर.एफ. की टीमों ने बाढ़ में फंसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से 4400 से अधिक लोगों को निकालकर मोटर बोटों की मदद से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है। एन.डी.आर.एफ. के टीम कमाण्डर बाढ़ प्रभावित जिला प्रशासन से कुशल समन्वय तथा तालमेल स्थापित कर बाढ़-बचाव तथा राहत ऑपेरशन में जुटे हुए है। चौबीसों घण्टे कार्यरत बटालियन इमरजेंसी ऑपेरशन सेन्टर द्वारा बाढ़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही, एन.डी.आर.एफ. टीमों के ऑपरेशनल गतिविधियों का डाटा भी तैयार किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



