बिहार में रमजान के पाक महीने के बाद बुधवार को ईद की धूम देखी जा रही है। राज्य के सभी मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग पहुंच रहे हैं। पटना के गांधी मैदान में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर ईद के मौके पर नमाज अदा कर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर बच्चों में खासा उल्लास देखने को मिला।
सभी ने अपनी उम्र के लोगों से गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान युवा अपने ढंग से ईद मनाते दिखे। ईद को यादगार बनाने के लिए वे सेल्फी लेते भी नजर आए। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी ईद के मौके पर गांधी मैदान पहुंचे और बिहार सहित देश के लोगों खासकर इस्लाम धर्म के मानने वालों को ईद की मुबारकबाद दी।

उन्होंने ईद के मौके पर सभी देशवासियों और प्रदेशवासियों की खुशहाली व अमन-चैन, भाई चारा कायम रखने की दुआ मांगी। उन्होंने इस मौके पर कहा, ‘सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। जो ऐसा नहीं करते हैं वे धार्मिक नहीं कहलाते।’ अन्य जिलों में भी ईद-उल-फितर के पर्व को धूमधाम से मनाया जा रहा है।
पटना की विभिन्न मस्जिदों में भी ईद की नमाज पढ़ी गई और लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। राज्य के गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा समेत पूरे राज्य में लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दे रहे हैं। ईद को लेकर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।


Download Android App
Download iOS App



