बिहार में उप चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ-साथ सियासी बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि लालू प्रसाद यादव चाहे तो मुझे गोली मरवा दें, वह और कुछ नहीं कर सकते। सीएम ने यह टिप्पणी राजद प्रमुख लालू यादव के उस बयान पर दी जिसमें उन्होंने कहा था कि हम नीतीश कुमार का विसर्जन करने आए हैं।
क्या बोले थे लालू ?
लालू यादव ने बीते दिनों कहा था कि मैं अस्वस्थ था और हिरासत में था जिसके चलते दो चुनावों में प्रचार नहीं कर पाया था। लेकिन, अब उप चुनाव हो रहे हैं और 27 अक्तूबर को मैं कुशेश्वर स्थान और तारापुर में जनता को संबोधित करूंगा। इन्हीं दोनों विधानसभा सीटों पर आगामी 30 अक्तूबर को उप चुनाव आयोजित होने हैं। इनके लिए मतगणना दो नवंबर को की जाएगी।
लालू की बातों का नहीं लेते नोटिस
नीतीश कुमार ने सोमवार को कुशेश्वरस्थान और तारापुर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इसके साथ ही उन्होंने लालू यादव पर निशाना साधा. लालू यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी दोनों सीटों पर जीत हासिल करेगी। इसके जवाब में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, दावा करने में क्या जाता है। हमें पता है जब जनता ने उन्हें मौका दिया तो उन्होंने सेवा नहीं की। उनका काम सिर्फ बोलना है। जिसकी जो इच्छा हो वह बोलता रहे। हमें इससे कोई लेना-देना नहीं. हम उनकी बातों को नोटिस नहीं करते।


Download Android App
Download iOS App



