बिहार में सियासी सरगर्मियां काफी ज्यादा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के बीच वार-पलटवार का सिलसिला जारी है और ये अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है। जेडीयू के कांग्रेस में विलय कराने के नीतीश कुमार के आरोपों पर प्रशांत किशोर ने पलटवार करते हुए कहा था कि नीतीश कुमार पर अब उम्र का असर होने लगा है। वो एकदम अकेले हो गए है, तो कुछ भी बोल रहे है।
सपा नेता ने किया ट्वीट
इसी मामले में अब समाजवादी पार्टी नेता आईपी सिंह ने एंट्री ले ली है। उन्होंने नीतीश कुमार का बचाव किया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रशांत किशोर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सपा नेता ने ट्वीट कर लिखा – “पीके भाई (प्रशांत किशोर) आपके चाचा मोदी की उम्र तो दिन-प्रतिदिन घट रही है क्यों? सनद रहे कि So called strategist की दुकान धुप्पल में कुछ वर्ष चल गई थी जो बन्द हो गई। इसलिए लौट के बुध्धु घर को आये। ये महाशय बीजेपी में वापिस चले गए हैं और विपक्ष को सतर्क रहने की जरूरत है। “
नीतीश ने बोला था हमला
बता दें, नीतीश कुमार ने कुछ दिन पहले कहा था कि यह वही प्रशांत किशोर है, जिन्होंने कुछ समय पहले हमारी पार्टी को कांग्रेस में विलय करने की सलाह दे रहे थे। इसके साथ ही नीतीश कुमार ने ये भी कहा कि प्रशांत किशोर अब बीजेपी के साथ है। इसलिए वहां के हिसाब से बयानबाजी कर रहे है। इसके बाद जब उनसे ये पूछा गया कि प्रशांत किशोर का कहना है कि आपने उन्हें जेडीयू अध्यक्ष बनाने का ऑफर दिया था तो इसपर नीतीश ने कहा था कि ये सारी बात झूठ है।
नीतीश बोले रोज-रोज प्रशांत किशोर पर बोलना उचित नहीं
हालांकि, नीतीश कुमार ने आगे कहा था कि प्रशांत किशोर ऐसे ही कुछ भी बोलते रहते है। ऐसा कुछ है ही नहीं, बस ऐसे ही उनकी बातें सुन लीजिए। पीके की जो मर्जी करे वो बोल सकते है। हम लोगों को इससे कोई लेना-देना नहीं है। नीतीश ने कहा कि वो रोज-रोज प्रशांत किशोर पर बोलना उचित नहीं समझते है।


Download Android App
Download iOS App



