बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फटकार लगाई है। कैबिनेट बैठक में नीतीश कुमार ने चंद्रशेखर को अनरगल बयानबाजी के बजाय अपने काम पर ध्यान देने की नसीहत दी। नीतीश कुमार ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी के बजाय आप अगर अपने काम पर ध्यान देंगे तो बेहतर होगा। बता दें कि बीते दिनों शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने ‘श्रीरामचरितमानस’ पर विवादित बयान दिया था। इसी बयान के बाद से नीतीश सरकार बीजेपी के निशाने पर है। बीजेपी चंद्रशेखर को बर्खास्त करने की मांग कर रही है।
श्रीरामचरितमानस पर बयान के बाद भड़के लोग
शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के ‘श्रीरामचरितमानस’ पर दिए विवादित बयान के बाद लोगों में काफी नाराजगी है। साथ ही देश की सियासत भी गरमा गई है। बीजेपी के साथ-साथ तमाम हिंदू संगठनों ने मांग की है कि शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर अपने विवादित बयान के लिए देश की जनता से माफी मांगें। हालांकि शिक्षा मंत्री ने दो टूक जवाब दिया है कि वह अपने बयान पर कायम हैं और इसके लिए कोई उनके जीभ काट ले या उन्हें गोली मरवा दे, तब भी वह माफी नहीं मागेंगे।
धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
वहीं शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के खिलाफ बिहार के एक से अधिक जिलों की अदालतों में कई याचिकाएं दायर की गई हैं, जिनमें उन पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया है। वहीं उनकी पार्टी ने कहा है कि उन्होंने वास्तव में बीजेपी जो कमंडलवादियों का प्रतिनिधित्व करती है, के बारे में कहा था। उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया है।
अशोक चौधरी ने भी दी नसीहत
जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अशोक चौधरी ने कैबिनेट मंत्री के बयान को अपने पार्टी के शीर्ष नेता की सभी आस्थाओं और परंपराओं का सम्मान करने की नीति के खिलाफ बताया। अशोक चौधरी ने कहा कि शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर को इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए था। इस तरह का बयान युवा और प्रभावशाली दिमागों को गुमराह कर सकता था।


Download Android App
Download iOS App



