जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक और चौंकाने वाला बयान दिया है। दरअसल, सीएम नीतीश ने कहा है कि उनकी मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं थी, उन्होंने यह तक कह दिया कि वो राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपना कोई मुख्यमंत्री बनाती तो भी वो उसके पक्ष में थे। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि ”मेरी मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं थी। मैंने कहा था कि जनता ने अपना जनादेश दिया है और किसी को भी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, भाजपा अपना मुख्यमंत्री खुद बना सकती है।”
बता दें कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन की सरकार चल रही है। इस गठबंधन में बीजेपी, जेडीयू, हम और वीआईपी पार्टी शामिल हैं। बिहार चुनाव के नतीजों में एनडीए में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन इसके बाद भी नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया गया। लेकिन अब नीतीश कुमार के विश्वासपात्र आरसीपी सिंह को जनता दल (यूनाइटेड) का नया अध्यक्ष चुना गया।
बताते चलें कि रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की 2 दिवसीय बैठक के अंत में पार्टी की कमान सीएम नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय संगठन महासचिव रहे रामचंद्र प्रसाद सिंह को सौंप दी। सीएम नीतीश कुमार ने जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के संगठन के विस्तार के साथ कई मसलों पर चर्चा हुई है। सोशल मीडिया के माध्यम से पॉजिटिव के साथ नेगेटिव बातें भी होती हैं। हम लोग को जैसे संगठन का विस्तार करना चाहिए था नहीं कर पाए हैं।


Download Android App
Download iOS App



