जाति, आवासीय आय एवं पेंशन के लिए अब प्रखंडों के नहीं लगाने होंगे चक्कर : कपिलदेव कामत

Summary :

उनके घर तक जनसुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिया जिसका परिणाम है कि आज लोग गांवों में घर बैठे ही सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।

फुलवारी : फुलवारी शरीफ प्रखंड के आलमपुर गोनपुरा पंचायतीराज सरकार भवन में आज आरटीपीएस काउंटर का उद्घाटन करते हुए पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत ने कहा कि अब जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र एवं पेंशन संबंधी जरुरतों एवं अन्य जानकारी के लिए लोगों को प्रखंडों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्रदेश की सरकार ने राज्य के करीब 1100 पंचायतों में यह सेवा उपलब्ध करा दी है ताकि जनता को पंचायतों में ही सारी जनसुविधाएं मिल सके। मंत्री श्री कामत ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतिश कुमार की सरकार ने 2005 में सत्ता संभालते ही गरीब गुरबों को उनके घर तक जनसुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिया जिसका परिणाम है कि आज लोग गांवों में घर बैठे ही सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।

स्थानीय विधायक पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि गांधीजी के पंचायतीराज के सपने को मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने ग्राम पंचायत में जनसुविधाओं के लिए व्यापक पहल कर वास्तव में सही दिशा में सराहनीय प्रयास किया है। गांधीजी के सपने को पंचायतीराज के माध्यम से ही धरातल पर उतारा जा सकता है। स्थानीय स्तर पर जनता को अन्य कई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है।

विधायक श्री रजक ने आभा देवी, मुखिया सह सदस्य पटना महानगर योजना समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनता की सेवा में लगातार कार्य करते रहना और उनके सुख दुख में शामिल होकर आपसी सद्भाव बनाए रखने में इस पंचायत ने एक मिसाल कायम की है। मुखिया आभा देवी ने आदर्श ग्राम पंचायत आलमपुर गोनपुरा के विकास के लिए तत्पर स्थानीय विधायक श्याम रजक एवं मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत की समस्याओं के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर जदयू के राजनीतिक सलाहकार नवल शर्मा, प्रखंड अध्यक्ष मुन्नी देवी, मुखिया नीरज कुमार एवं समाजसेवी राम अयोध्या सिंह भी उपस्थित थे।

Desk Team