राजद नेता तेजप्रताप यादव द्वारा बहन मीसा भारती की पाटलीपुत्र लोकसभा सीट से उम्मीदवारी की अपनी तरफ से घोषणा करने के एक दिन बाद, उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि पार्टी के उम्मीदवारों पर फैसला उसका संसदीय बोर्ड करेगा और इस पर पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद की मंजूरी ली जाएगी।
तेजस्वी राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता है और अगले विधानसभा चुनावों में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। उन्होंने अपने बड़े भाई की घोषणा से खुद को अलग करते हुए कहा, “लोकतंत्र में सभी लोगों का हर तरह की चीजें बोलने का अधिकार होता है और जरूरी नहीं कि पार्टी के फैसलों पर उनका असर हो।”
बिहार में पाटलिपुत्र सीट को लेकर राजद में ही रार
बता दें कि तेजप्रताप यादव ने गुरुवार को कहा था कि उनकी बड़ी बहन मीसा भारती आगामी आम चुनाव में पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से फिर से चुनावी मैदान में उतरेगी। राष्ट्रीय जनता दल के राज्य मुख्यालय में अपने दैनिक ‘जनता दरबार’ के दौरान तेजप्रताप ने यह भी कहा कि वह आज से ही अपनी बड़ी बहन के लिए पाटलिपुत्र में चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। हालांकि पार्टी ने अभी तक इस सीट से किसी की उम्मीदवारी के बारे में अधिकृत रूप से कुछ नहीं कहा है।


Download Android App
Download iOS App




