बिहार की राजधानी पटना से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पटना के धनरुआ इलाके में एक ट्यूशन टीचर ने 5 साल के बच्चे की तब तक पिटाई की जब तक मासूम बेहोश नहीं हो गया। ट्यूशन टीचर की इस हैवानियत का वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया।
धनरुआ थाने के एसएचओ दीनानाथ सिंह ने बताया कि आरोपी अमर कांत उर्फ छोटू पर आईपीसी की संबंधित धारा 323, 341, 342, 307, 506 और 75 जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, आरोपी धनरुआ में नर्सरी से तीसरी कक्षा तक के छात्रों के लिए जया कोचिंग क्लासेस नाम से कोचिंग सेंटर चला रहा था। उसने 5 साल के बच्चे की इतनी बुरी तरह से पिटाई कर डाली, कि वह बेहोश हो गया।
हैवान बना ट्यूशन टीचर
वायरल हो रहे वीडियो में टीचर बच्चे को पहले एक डंडे से पीटता है। वह बच्चे को इतनी जोर से मारता कि डंडा भी टूट जाता है। टीचर का गुस्सा यहां पर शांत नहीं होता, वह बच्चे पर थप्पड़ और घूंसे की बरसात करता है। इस दौरान बच्चा जमीन पर गिर जाता है। पर हैवान बन चुका टीचर उसे पीटता ही रहता है। कभी वह उसके बाल खींचता है, तो कभी कमर पर घूंसे मारता। दर्द के कारण बच्चा रोते-रोते वीडियो के आखिर में बेहोश हो जाता है।
परिजनों ने कोचिंग सेंटर में की तोड़फोड़
वीडियो वायरल होने पर बच्चे के परिवार वालों को घटना के बारे में पता चला, जिससे गुस्साएं परिजनों ने कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ की। अमर कांत उर्फ छोटू धनरुआ का रहना वाला है। वह हाई ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन का मरीज बताया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



