पटना ,(पंजाब केसरी): प्रदेश भाजपा के महामंत्री एवं दीघा विधायक संजीव चौरसिया ने मंगलवार को बिहार सरकार पर हमला करते हुए कहा कि बिहार में धोखेबाजों की सरकार है। नीतीश कुमार की धोखेबाजी जग जाहिर हो चुकी है। उनके पास न कोई नीति है न सिद्धांत।
श्री चौरसिया ने आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि नीतीश कुमार कहा करते थे कि बिना सिद्धांत की राजनीति करना पाप करने के बराबर है। ऐसे में नीतीश खुद अपने बारे में सोचें कि वह कौन-सा पुण्य कर रहे हैं? अपनी सुविधा और महत्वाकांक्षा का साधने के लिए पलटते रहे हैं। जनादेश की अवहेलना करते रहे।श्री चौरसिया ने कहा बिहार में धोखेबाजों ने जनादेश का अपमान कर सत्ता हथिया ली है। बिहार सरकार में शामिल दल जनता के गुनहगार हैं। नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ धोखेबाजी की और तेजस्वी ने 10 लाख लोगों को नौकरी देने का वादा कर धोखेबाजी की। क्या हुआ तेजस्वी का वादा? कब 10 लाख लोगों को नौकरियां बांट रहे हैं।
श्री चौरसिया कहा कि सरकार याद रखे कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। कौन – सा मुंह लेकर जनता के बीच जाएंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में जो हाल राजद का हुआ था। वहीं, हाल बिहार के विपक्षी कुनबे में शामिल सभी दलों का होगा।


Download Android App
Download iOS App



