दरभंगा में राहुल गांधी के कार्यक्रम को नहीं मिली अनुमति, कांग्रेस ने पुनर्विचार का किया आग्रह

Summary :

राहुल गांधी के कार्यक्रम पर दरभंगा प्रशासन का रोक

राहुल गांधी की बिहार यात्रा के दौरान दरभंगा में छात्र संवाद कार्यक्रम को जिला प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। कांग्रेस ने इस निर्णय पर पुनर्विचार का आग्रह किया है। कांग्रेस के प्रवक्ता अभय दुबे ने कहा कि राहुल गांधी का उद्देश्य शिक्षा न्याय संवाद स्थापित करना है, जिससे छात्रों की समस्याओं को समझा जा सके।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी गुरुवार को बिहार की एक दिवसीय यात्रा पर आने वाले हैं। दरभंगा में उनका छात्र संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। दरभंगा जिला प्रशासन ने इस संवाद कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है। हालांकि, कांग्रेस ने जिला प्रशासन से इस पर पुनर्विचार का आग्रह किया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने बुधवार देर शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, “राहुल गांधी गुरुवार को बिहार दौरे पर आने वाले हैं। इस दौरान वह छात्रों के साथ शिक्षा न्याय संवाद स्थापित करना चाहते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई थी। वह चाहते थे कि समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े हुए छात्रों से बिहार के शैक्षणिक संदर्भों में संवाद स्थापित करें। इस बात को जानने की कोशिश करें कि उनके मार्ग में क्या-क्या कठिनाइयां हैं। लेकिन, भाजपा और जदयू की सरकार के जिला कल्याण पदाधिकारी, दरभंगा ने एक पत्र के माध्यम से कांग्रेस को सूचित किया कि इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जा रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी एक सकारात्मक संवाद स्थापित करना चाहते थे, जिससे समाज और देश को दिशा मिले, उसे सिर्फ राजनीति को लेकर रोकने की कोशिश की गई है। राहुल गांधी का प्रस्तावित शिक्षा न्याय संवाद कार्यक्रम को लेकर बिहार सरकार के दरभंगा प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं देने के बावजूद वहां कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राहुल गांधी ने जो सूत्रपात किया है, उसे उसके परिणाम तक हर हाल में पहुंचाकर रहेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने प्रशासन से इस आदेश पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है और कहा है कि संवाद कार्यक्रम को अनुमति दें।

इससे पहले, राहुल गांधी के बिहार दौरे को लेकर कांग्रेस बिहार प्रभारी कृष्ण अल्लावारु ने कहा कि वह दरभंगा में छात्रों के साथ संवाद करेंगे और राजधानी पटना में ‘ज्योतिबा फूले’ मूवी देखेंगे और फिर दिल्ली लौटेंगे।

बता दें कि बिहार कांग्रेस 15 मई से पूरे प्रदेश में न्याय संवाद की श्रृंखला शुरू करेगी। इसमें शिक्षा, नौकरी और भागीदारी के सवाल को लेकर कांग्रेस लोगों के बीच जाएगी, उनसे बात कर उनके दुख और तकलीफों को सुनेगी। 15 मई को लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी भी बिहार के दरभंगा आएंगे, जहां वह छात्रों से संवाद करेंगे।

‘हम तो पाकिस्तान में तिरंगा यात्रा चाहते हैं’ Operation Sindoor पर Tejashwi Yadav का बड़ा बयान

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.