प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद उन्हें बधाई दी और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का परिवार राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करेगा।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए नीतीश कुमार जी को बहुत बधाई। बिहार सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों को भी बधाई। राजग परिवार बिहार के विकास के लिए मिलकर काम करेगा। बिहार के कल्याण के लिए केंद्र की ओर से मैं आपको हर संभव मदद का आश्वासन देता हूं।’’

बिहार की राजनीति में नया इतिहास रचते हुए नीतीश कुमार ने सोमवार को 2 दशक में सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जैसे राजग के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल फागू चौहान ने नीतीश कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
हाल में बिहार में संपन्न विधानसभा चुनाव में राजग को 125 सीटें मिलीं जिसमें नीतीश कुमार की जद (यू) को 43 जबकि भाजपा को जद (यू) से 31 सीट अधिक (74 सीट) हासिल हुई।


Download Android App
Download iOS App



