लोकसभा चुनाव 2019 के सातवें और अंतिम चरण को लेकर चुनाव प्रचार तेज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को बिहार के एक दिवसीय दौरे पर बक्सर और सासाराम संसदीय क्षेत्र में अलग-अलग चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता निखिल आनंद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर बिहार दौरे पर आ रहे हैं।
मोदी मंगलवार को बक्सर में अहिरौली के सरस्वती विद्या मंदिर के मैदान में और सासाराम में आवास बोर्ड परिसर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री दोपहर में बिहार पहुंचेंगे। इन चुनावी सभाओं में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख रामविलास पासवान, भाजपा के प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेता मौजूद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि बक्सर लोकसभा सीट से राजग की ओर से केंद्रीय मंत्री और भाजपा के नेता अश्विनी चौबे चुनावी मैदान में हैं जबकि सासाराम लोकसभा क्षेत्र से छेदी पासवान भाजपा के टिकट पर एक बार फिर उम्मीदवार हैं। अंतिम चरण के तहत 19 मई को बिहार के आठ लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। चुनाव परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App




