चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर शनिवार को हमला करते हुए कहा कि यह वक्त कोरोना वायरस संक्रमण से लड़ने का है चुनाव लड़ने का नहीं और उन्हें विधानसभा चुनाव कराने की ‘‘जल्दबाजी’’ में लोगों की जिंदगी खतरे में नहीं डालना चाहिए।
देश के कई राज्यों की तरह #बिहार में भी #करोना की स्थिति बिगड़ती जा रही है लेकिन सरकारी तंत्र और संसाधनों का एक बड़ा हिस्सा चुनाव की तैयारियों में लगा है।@NitishKumar जी ये चुनाव नहीं #करोना से लड़ने का वक़्त है। लोगों की ज़िंदगी को चुनाव कराने की जल्दी में ख़तरे में मत डालिए।🙏🏼
— Prashant Kishor (@PrashantKishor) July 11, 2020
किशोर ने ट्वीट किया, ‘‘ देश के अन्य राज्यों की तरह बिहार में भी कोरोना वायरस संक्रमण के हालात बिगड़ रहे हैं। लेकिन सरकारी तंत्र और संसाधनों का बड़ा हिस्सा चुनाव की तैयारियों में व्यस्त है।’’ उन्होंने कहा,‘‘ नीतीश कुमार जी, यह वक्त चुनाव लड़ने का नहीं, कोरोना वायरस से लड़ने का है। चुनाव कराने की जल्दबाजी में लोगों की जिंदगी खतरे में मत डालिए।’’
किसी वक्त कुमार के खास रहे किशोर अब उनके कटु आलोचक हैं। आलोचनाओं के चलते उन्हें जद(यू) से निष्कासित कर दिया गया था। किशोर से पहले लोजपा नेता चिराग पासवान और राजद के तेजस्वी यादव राज्य में चुनाव नहीं कराने की मांग कर चुके हैं। बिहार में चुनाव अक्टूबर-नवंबर में होने हैं लेकिन चुनाव आयोग ने इस संबंध में अभी कोई घोषणा नहीं की है। वहीं भाजपा और जद(यू) सांगठनिक बैठकें कर रहे हैं । दोनों का कहना है कि वे चुनाव के लिए तैयार हैं।


Download Android App
Download iOS App



