राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की प्रचंड जीत को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए आज कहा कि भाजपा की दिल्ली से विदाई हो चुकी है अब उसे बिहार से भगाना बाकी है।
श्री सिंह ने यहां राजद के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव एवं सचिव की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की दिल्ली से विदाई हो चुकी है और अब उसे बिहार से भगाना बाकी है। उन्होंने बिहार की नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में राज्य की शिक्षा, स्वस्थ एवं सिंचाई व्यवस्था चौपट हो चुकी है। वहीं, दूसरी ओर राज्य के किसान तबाह और बेहाल हैं। उन्होंने कहा नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को काला कानून बताया और कहा कि इसके खिलाफ राजद का विरोध जारी रहेगा।
गौरतलब है कि 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 11 फरवरी को हुई मतगणना में जहां श्री अरिवंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत का परचम लहराया वहीं भाजपा ने आठ सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) तो खाता भी नहीं खोल पाई।


Download Android App
Download iOS App



