बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में गुरुवार की रात से लगातार हो रही बारिश तथा कुछ क्षेत्रों में गंगा के उफान के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। समस्तीपुर-दरभंगा रेलमार्ग पर किशनपुर-रामभद्रपुर के मध्य जमीन धंसने के कारण ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है, जबकि अन्य मागरें पर भी परेशानी आने से ट्रेनों के परिचालन बाधित हुआ है।
बिहार सरकार के जलसंसाधन विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि गंगा, कमला बलान, बागमती नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इस बीच बारिश ने स्थिति और बिगाड़ दी है। उन्होंने कहा कि गंगा नदी पटना के विभिन्न क्षेत्रों सहित मुंगेर और भागलपुर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि बागमती नदी सीतामढ़ी के ढेंग और डूबाधार में तथा मुजफ्फरपुर के बेनीबाद में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कमला बलान भी उफान पर है। कमला बलान खगड़िया और मधुबनी में खतरे के लाल निशान के ऊपर बह रही है।

इधर, जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि सभी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि नेपाल के तराई क्षेत्रों में बारिश पर नजर रखी जा रही है। नेपाल के बारिश का पानी बिहार में प्रवेश करने के बाद कई और नदियों में उफान आने की आशंका है। इस बीच, आपदा प्रबंधन विभाग बाढ़ प्रभवित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। विभाग के अधिकारी का दावा है कि राहत और बचाव कार्य में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को लगाया गया है।
इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों के जिलाधिकारी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करेंगे। इधर, बारिश और बाढ़ के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी हुई है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने शनिवार को बताया कि समस्तीपुर-दरभंगा रेल लाइन पर किशनपुर-रामभद्रपुर के मध्य पुल नंबर 12 के पास की जमीन धंसने के कारण इस रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि सोनपुर मंडल के कर्पूरीग्राम स्टेशन पर भारी बारिश के कारण ट्रैक पर पानी जमा हो जाने के कारण आधी रात से डाउनलाइन के होम सिगनल फेल हो गए हैं, जिससे कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। उन्होंने बताया कि पटना से खुलनेवाली कई ट्रेनों के परिचालन में आंशिक बदलाव किए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



