बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना में प्रारंभिक दौर में मिले रूझानों में भले ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बहुमत के करीब दिख रही है लेकिन महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अभी उम्मीद नहीं छोड़ी है। राजद के प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि एक्जिट पोल एक्चुअल एक्चुअल वोट में बदलेगा। अभी शुरूआती रूझान हैं, महागठबंधन 122 के ऊपर जाएगा। पत्रकारों से चर्चा करते हुए झा ने कहा कि अभी तो सिर्फ रुझान हैं।
राजद के सांसद झा ने कहा कि बिहार में युवा मुख्यमंत्री बनेगा। उन्होंने कहा कि सात-आठ बजे रात तक इंतजार कीजिए सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा। बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतगणना जारी है, जिसमें प्रारंभिक रूझानों में राजग 124 सीटों पर आगे दिख रही है जबकि महागठबंधन 107 सीटों पर आगे है।
वहीं, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं लम्बे समय से कहता रहा हूं कि राजग राज्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाएगा। विपक्ष ने मतदाताओं को लुभाने के लिये गुमराह करने का अभियान चलाया।’’
जब उनसे पूछा गया कि सरकार का नेतृत्व भाजपा या जदयू में से कौन करेगा, इस पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कई मौकों पर पूरी तरह से स्पष्ट किया है कि कौन सरकार बनाएगा।


Download Android App
Download iOS App



